7th Pay Commission केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से डीए एरियर की मांग कर रहे हैं। अब खबर है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को तीन किस्त में डीए दे सकती है, हालांकि केंद्र सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कर्मचारियों को जल्दी ही बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। दरअसल बीते कुछ दिनों से यह खबर आ रही है कि केंद्र सरकार कुछ कर्मचारियों को फिटमेंट फैक्टर में बढ़ोतरी करने के साथ ही एचआरए में बढ़ोतरी कर सकती है। इसके अलावा केंद्र सरकार 18 महीने का लंबित महंगाई भत्ता (डीए) भी जल्द जारी कर सकती है।

कर्मचारी कर रहे हैं DA की मांग

केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से डीए एरियर की मांग कर रहे हैं। अब खबर है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को तीन किस्त में डीए दे सकती है, हालांकि केंद्र सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सरकारी कर्मचारियों को जनवरी 2020 से जून 2021 तक 18 महीने का डीए बकाया नहीं दिया गया है और यह मामला लंबे समय से केंद्रीय कैबिनेट में लंबित है।

सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय कैबिनेट ने अभी तक सरकारी कर्मचारियों के डीए एरियर को जारी करने की मांग पर विचार नहीं किया है। मोदी कैबिनेट यदि कर्मचारियों की इस मांग को मंजूरी दे देती है तो लेवल-3 के कर्मचारियों का डीए बकाया करीब 11,880 रुपए से 37,554 रुपए हो जाएगा। दूसरी ओर लेवल-13 या लेवल-14 के कर्मचारियों का डीए बकाया 1,44,200 रुपए से 2,18,200 रुपए के बीच रहेगा।

डीए में भी हो सकती है 4 फीसदी की बढ़ोतरी

केंद्र सरकार जल्द ही महंगाई भत्ते में भी 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का ऐलान कर सकती है, जिसका फायदा करीब सवा करोड़ कर्मचारी और पेंशनधारकों को होगा। महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी साल 2023 से हो सकती है। मोदी सरकार अगर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों के डीए में 4 फीसदी का इजाफा करती है तो फिर महंगाई भत्ता 42 फीसदी हो जाएगा। फिलहाल कर्मचारियों को 38 प्रतिशत डीए का फायदा मिल रहा है। डीए बढ़ने के बाद कर्मचारियों की सैलरी में 8,000 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हो जाएगी।