डीआरएम ने अपने मंडल मुख्यालय कार्यालय का ही औचक निरीक्षण कर लेटलतीफी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। सुबह ठीक 10 बजे दफ्तर पहुंचकर ड्यूटी से अनुपस्थित ऐसे 48 रेलकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है।

मनमर्जी से दफ्तर आने वाले रेलकर्मियों के खिलाफ मंडल रेल प्रबंधक प्रभात कुमार ने नकेल कसनी शुरू कर दी है। पिछले सप्ताह जहां पटना जंक्शन का औचक निरीक्षण कर ड्यूटी से फरार अथवा ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर गप मारने वालों को चेतावनी दी थी। वहीं शुक्रवार को डीआरएम ने अपने मंडल मुख्यालय कार्यालय का ही औचक निरीक्षण कर लेटलतीफी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। सुबह ठीक 10 बजे दफ्तर पहुंचकर ड्यूटी से अनुपस्थित ऐसे 48 रेलकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।

  • डीआरएम के औचक निरीक्षण में 48 रेलकर्मी मिले गायब, कटेगा वेतन 
  • – डीआरएम ने सुबह 10 बजे किया मंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण 
  • निरीक्षण को पहुंचे अधिकारी तो अधिकांश बाबुओं की कुर्सियां खाली पड़ी थीं

मंडल मुख्यालय में समय पर नहीं आने की मिल रही थी सूचना

दानापुर मंडल के डीआरएम को सूचना मिल रही थी कि मंडल मुख्यालय में ही रेलकर्मी समय से दफ्तर नहीं आ रहे हैं। उनके विभागाध्यक्षों को इसकी सूचना दी गई थी। मंडल रेल प्रबंधक शुक्रवार सुबह 10 बजे ही मुख्यालय स्थित सभी विभागों का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। इस वक्त दफ्तर के अधिकांश बाबुओं की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। उन्होंने ड्यूटी से गायब सभी कर्मचारियों की सूची तत्काल तलब की।

लापरवाह कर्मियों का एक दिन का कटेगा वेतन

इसके बाद वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह को इन कर्मचारियों को शुक्रवार को अनुपस्थित मानते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। इस संबंध में डीआरएम ने कहा कि नियमित रूप से रेलवे के सभी विभागों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। आगे से कार्रवाई को और भी सख्त किया जाएगा। कार्रवाई के बाद अन्य कर्मी भी सतर्क हो गए हैं।