7th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन धारकों को होली से पहले सरकार से बड़ा तोहफा मिल सकता है। खबर है कि सरकार होली से पहले डीए में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय कैबिनेट की बुधवार को होने वाली बैठक में इसपर फैसला लिया जा सकता है। केंद्रीय कर्मचारी 1 जनवरी 2022 से 3 प्रतिशत डीए हाइक की उम्मीद कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि केंद्रीय कर्मचारियों को जनवरी-फरवरी मिलाकर मार्च में डीए मिल सकता है।

फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 31 प्रतिशत डीए मिलता है, अगर सरकार 3 प्रतिशत डीए और बढ़ा देती है तो कुल अलाउंस 34 प्रतिशत हो जाएगा। 7वें वेतन आयोग के तहत सरकार समय समय पर केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में बढोतरी करती रहती है। सरकार साल में दो बार जनवरी और जुलाई में डीए में बदलाव करती है। डीए इस बात पर भी निर्भर करता है कि कर्मचारी शहरी या ग्रामीण इलाकों में रह रहा है।

डीए बढ़ाने का ऐलान होता है तो इससे करीब एक करोड़ कर्मचारियों और पेंशनधारकों को फायदा पहुंचेगा। देश में 48 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 65 लाख पेंशनधारक हैं। इसके अलावा केंद्रीय कर्मचारी लंबे समय से फिटमेंट फैक्टर 2.57 प्रतिशत से बढ़ाकर 3.68 करने की मांग कर रहे हैं। अगर सरकार फिटमेंट फैक्टर बढ़ाती है तो कर्मचारियों की सैलरी में 8 हजार रूपये की बढोतरी होगी।