पूर्वोत्तर रेलवे में लोको पायलटों सहायक लोको पायलटों और शंटर लोको पायलटों के 434 पद समाप्त सरेंडर होने की प्रक्रिया पर रेलकर्मियों में रोष है। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) ने रेलवे प्रशासन पर जानबूझ कर पदों को समाप्त करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

पूर्वोत्तर रेलवे में लोको पायलटों, सहायक लोको पायलटों और शंटर लोको पायलटों के 434 पद समाप्त सरेंडर होने की प्रक्रिया पर रेलकर्मियों में रोष है। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) ने रेलवे प्रशासन पर जानबूझ कर पदों को समाप्त करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। संघ ने पद समाप्त होने की प्रक्रिया पर यथाशीघ्र रोक लगाने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के महामंत्री विनोद कुमार राय ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने स्वीकृत पदों को नए मानक के आधार पर तैयार करने के लिए निर्देशित कर दिया है।

बढ़ रही ट्रेनों की संख्‍या घट रहे लोको पायलट

ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ रही है इसके बाद भी लोको पायलट कम होते जा रहे हैं। अभी विभागीय पदोन्नति परीक्षा पास करने वाले करीब 150 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ही सहायक लोको पायलट के पदों पर तैनाती नहीं दी गई है।

रेल अधिकारियों के पद बढ़ रहे हैं, कर्मचारी कम हो रहे हैं 

वे परीक्षा पास करने के बाद भी उपेक्षित हैं और पटरियों पर कार्य करने को मजबूर हैं। उनकी सुधि लेने वाला कोई नहीं है। प्रवक्ता एके सिंह ने बताया कि रेल अधिकारियों के पद बढ़ते जा रहे हैं और कर्मचारी कम होते जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन युवाओं के साथ धोखा कर रहा है। रेलवे की इस नई नीति से बेरोजगारी बढ़ेगी।

उद्यान निरीक्षकों की पदोन्नति के लिए सौंपा ज्ञापन

पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ ने उद्यान निरीक्षकों की पदोन्नति के लिए प्रमुख मुख्य इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा है। संघ के महामंत्री विनोद कुमार राय ने बताया कि उद्यान निरीक्षक 4200 ग्रेड पे के तहत नियुक्त होते हैं और 4600 ग्रेड पे तक ही सीमित रह जाते हैं। इनका ग्रुप बी में पदोन्नति के लिए कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से उद्यान निरीक्षकों को भी ग्रुप बी में पदोन्नति का अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है।