रेलवे को ग्रुप डी के 1 लाख 3 हजार सहित 1 लाख 40 हजार 640 पदों पर कर्मचारी इस साल मिल सकते हैं। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) अजमेर सहित देश भर के 21 आरआरबी के माध्यम से तीन प्रमुख भर्ती परीक्षाओं के जरिए इन पदों पर भर्ती करेगा।

एक भर्ती परीक्षा का आयोजन हो चुका है, दूसरी जारी है और तीसरी भर्ती ग्रुप डी के 1 लाख 3 हजार पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन 15 अप्रैल से होने जा रहा है। इस परीक्षा में भी एक करोड़ से अधिक उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है। आरआरबी द्वारा वर्ष 2019 की भर्ती परीक्षाएं अब आयोजित की जा रही हैं। इनके आयोजन का सिलसिला 15 दिसंबर 2020 से ही शुरू कर दिया गया था। पहले चरण में मिनिस्ट्रियल व आइसोलेटेड कैटेगरी के 1636 पदों के लिए 15 से 18 दिसंबर 2020 तक आयोजन हो चुका है। अभी नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी यानी एनटीपीसी के 35 हजार पदों के लिए ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया जारी है। इस परीक्षा के लिए 1.25 करोड़ अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे।

आरआरबी अजमेर के अध्यक्ष केआर चौधरी ने बताया कि 1.03 लाख पदों के लिए रेलवे ग्रुप डी (लेवल-1) की भर्ती परीक्षा 15 अप्रैल से जून 2021 के बीच आयोजित की जाने की तैयारी चल रही है। रेलवे भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव भी संकेत दे चुके हैं। इन 1 लाख 3 हजार पदों में आरआरबी अजमेर के 4.5 हजार पद हैं। दो कराेड़ से अधिक फॉर्म आए थे | आरआरबी अध्यक्ष के आर चौधरी के अनुसार स्टेनो व अध्यापकों के 1663 पदों (मिनिस्ट्रियल और आइसोलेटेड कैटेगरी) के लिए 15 से 18 दिसंबर 2020 के बीच कंप्यूटरीकृत परीक्षा आयोजित की जा चुकी है।

रेलवे भर्ती बोर्ड के अधिकारी अजमेर सहित देश भर के परीक्षा केंद्रों को लाइव देख रहे हैं व मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं। 46 सहित देश के करीब 500 परीक्षा केंद्रों को सेंट्रलाइज्ड सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है। इसकी कमान सेंटर रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर सहित विभिन्न भर्ती बोर्ड को सौंपी गई है। अकेले आरआरबी अजमेर में ही 46 केंद्रों को 800 से अधिक कैमरों से जद में रखा गया है।
-केआर चौधरी, अध्यक्ष, आरआरबी अजमेर