रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों का पीएफ (प्रोविडेंट फंड) काट लिया है। वाणिज्य सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के पे स्लिप में एक से सात लाख रुपये कट गया है। इसको लेकर कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागों में कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्मिक विभाग पीएफ कटने का सही वजह नहीं बता पा रहा। इसको लेकर कर्मचारियों की घबराहट और बढ़ गई है।

पीएफ के पैसे की कटौती का नहीं मिल रहा सही जवाब दरअसल, दिसंबर का पे स्लिप जनवरी के शुरुआत में हाथ में आने के बाद कर्मचारियों के होश उड़ गए। पे स्लिप में वेतन और अवकाश तो सही दर्ज है, लेकिन पीएफ में अंतर है। किसी कर्मचारी का पीएफ एक लाख कम है तो किसी का छह से सात लाख। घबराए कर्मचारी जब कार्मिक विभाग पहुंचे तो उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पाई। अधिकारी ही नहीं संबंधित कर्मचारी भी पीएफ के पैसे कम होने को लेकर सही जवाब नहीं दे पा रहे। ऐसे में कर्मचारी परेशान हैं कि रेलवे उनका पीएफ ही न काट ले।

तकनीकी खामी होने की आशंका हालांकि, रेलवे के विभागीय वेबसाइट पर पीएफ का पैसा सही दिख रहा है। जानकारों का कहना है कि तकनीकी खामी के चलते ही ऐसा हुआ है। लेकिन एक दो नहीं बल्कि दर्जनों कर्मचारियों के पे स्लिप में गड़बड़ी हुई है। कुछ ऐसे भी कर्मचारी हैं जिनके पे स्लिप में पीएफ का पैसा बढ़ भी गया है। वाणिज्य विभाग के ही कुछ कर्मचारियों के स्लिप में डेढ़ से दो लाख  रुपये बढ़ा हुआ है। पैसा बढ़ने के बाद भी लोग परेशान हैं। दरअसल, प्रत्येक माह के अंत में सभी कर्मचारियों को उपलब्ध करा दिया जाता है। पे स्लिप में कर्मचारियों का वेतन, अवकाश और पीएफ बैलेंस की अपडेट जानकारी रहती है।

किसान आंदोलन के चलते निरस्त रहेगी जननायक पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के चलते स्पेशल ट्रेनों का निरस्तीकरण जारी है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार कुछ ट्रेन निरस्त रहेंगी तो कुछ मार्ग बदलकर चलाई जाएंगी। 06 जनवरी को चलने वाली 05211 दरभंगा-अमृतसर तथा 08 जनवरी को चलने वाली 05212 अमृतसर-दरभंगा स्पेशल नहीं चलेंगी। 02407 न्यू जलपाईगुड़ी- अमृतसर व 02408 अमृतसर- न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल अंबाला से चलाई जाएंगी।