सैलरी हाइक पर बैंक कर्मचारियों और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच तीन साल बाद सहमति बन सकी है। ऑल इंडिया बैंक एंप्लॉयीज एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सीएच वेंकटचलम ने कहा कि इस फैसले से 29 बैंकों के 8.8 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा। देश के 8.8 लाख बैंक कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा गिफ्ट मिला है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक कर्मचारियों की 9 यूनियनों के बीच सैलरी में 15 पर्सेंट के इजाफे पर सहमति बन गई है। इस फैसले से दिवाली से ठीक पहले 29 बैंकों के कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी मिली है। बैंक कर्मचारियों की सैलरी में यह इजाफा 1 नवंबर 2017 से लागू होगा और उन्हें तत्काल तब से अब तक का एरियर दिया जाएगा। यह वेतनमान 31 अक्टूबर, 2022 तक के लिए लागू रहेगा और उसके बाद ही उसमें बढ़ोतरी पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा वित्त वर्ष 2021 से परफॉर्मेंस लिंक्ड इन्सेंटिव की शुरुआत की जाएगी।

इसके अलावा बैंकों की ओर से एनपीएस यानी न्यू पेंशन स्कीम में 14 पर्सेंट का योगदान दिया जाएगा। यह अब तक 10 फीसदी ही था। इसके अलावा लीव रूल्स में राहत दी गई है और मैटरनिटी लीव की अवधि में इजाफा किया गया है। बैंकों की ओर से जल्दी ही एरियर जारी किया जा सकता है। यह राशि 1 नवंबर 2017 से लेकर 31 अक्टूबर 2020 तक के लिए होगी।

सैलरी हाइक पर बैंक कर्मचारियों और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच तीन साल बाद सहमति बन सकी है। ऑल इंडिया बैंक एंप्लॉयीज एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सीएच वेंकटचलम ने कहा कि इस फैसले से 29 बैंकों के 8.8 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा।

इनमें से 3,78,783 बैंक अधिकारी हैं और बाकी स्टाफ एवं सब-स्टाफ हैं। सैलरी में इजाफे पर सहमति से सालाना 7,898 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होंगे। यह फैसला 29 बैंकों के लिए लिया गया है, जिनमें 12 सरकारी बैंक, 10 निजी बैंक और 7 विदेशी बैंक शामिल हैं। इंडियन बैंक एसोसिएशन के चीफ एग्जीक्युटिव सुनील मेहता ने इस फैसले को लेकर कहा कि कर्मचारियों के बीच प्रतिस्पर्धी माहौल बनाने और परफॉर्मेंस पर रिवॉर्ड देने के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड पे की सुविधा शुरू की गई है।