हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बोनस की राशि ग्रुप सी और ग्रुप डी के कर्मचारियों को ही मिलेगी।

सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने दिवाली से पहले उनको तोहफा दिया है। केंद्र सरकार के बोनस देने के बाद अब राज्य सरकारें भी अपने कर्मचारियों को बोनस का सौगात दे रही हैं। अब इसी कड़ी में हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बोनस की राशि ग्रुप सी और ग्रुप डी के कर्मचारियों को ही मिलेगी। ग्रुप सी के कर्मचारियों के अकाउंट में दिवाली से पहले 18 हज़ार रुपए और ग्रुप डी के कर्मचारियों के अकाउंट में 12 हज़ार रुपए भेज दिए जाएंगे।

नियमित कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

राज्‍य सरकार की तरफ से कहा गया है कि बोनस सिर्फ नियमित कर्मचारियों को ही दिया जाएगा। नवंबर 2020 के पहले सप्‍ताह में यह पैसा खातों में जमा करा दिया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से 2 लाख 29 हज़ार 631 कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। इसके कारण सरकार के खज़ाने पर 386 करोड़ रुपए का अतिरिक्‍त भार पड़ेगा। इससे पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने भी बड़ा ऐलान किया है। मध्य प्रदेश की सरकार ने 4.37 लाख कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के तीसरी किस्त की 25 प्रतिशत राशि का एरियर देगी। यह रकम दिवाली से पहले ट्रांसफर कर दी जाएगी।

केंद्र सरकार ने किया था बोनस देने का ऐलान

बीते दिनों केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा की थी। कैबिनेट की बैठक में 30.67 लाख कर्मचारियों को बोनस देने का सरकार ने निर्णय लिया था। यह राशि कर्मचारियों के खाते में ट्रांसफर की जानी है। इसस फैसले से रेलवे, डाकघर, रक्षा, ईपीएफओ (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन), ईएसआइसी समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी को फायदा मिलेगा। इस निर्णय से 30.67 लाख गैर-राजपत्रित सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया है कि त्योहारी सीजन के दौरान लोगों द्वारा किए जाने वाले खर्च को बढ़ावा दिया जाए। बता दें कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को दशहरा से पहले हर साल बोनस देती है।