अब नहीं आएगा 8वां वेतन आयोग? इसकी चर्चा कई सालों से है, लेकिन केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी कैसे बढ़ेगी इस पर भी मंथन शुरू हो गया है। भविष्य में वेतन आयोग का नहीं आना केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बुरी खबर हो सकता है, लेकिन अब इसकी जगह नए फार्मूले के तहत बेसिक सैलरी में इजाफा एक राहत भरा फैसला साबित हो सकता है, लेकिन इसको लेकर आधिकारिक रूप से कोई बयान/प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि नए फार्मूले के तहत जहां केंद्र सरकार जल्द ही वेतन आयोग खत्म करने पर विचार कर रही है तो इसका विकल्प भी तलाशने की कवायद तेज हो गई है। इसे बेहद गोपनीय रखा गया है। फार्मूले के फाइनल होने के बाद कई चरणों में इसे मंजूरी मिलेगी। आखिर में केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही यह फार्मूला धरातल पर उतर सकेगा। 

आएगा नया फार्मूला, हर साल बढ़ेगी केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी बताया जा रहा है कि अब अगला यानी 8वां वेतन आयोग तो नहीं आएगा, लेकिन केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा करने का फार्मूला तलाश लिया गया है। नए फार्मूले से केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में ठीकठाक इजाफा होगा और यह वेतन आयोग की कमी भी किसी हद तक कम करेगा। इसके अनुसार, अब हर साल केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी तय होगी। यह इजाफा केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में किया जाएगा।

2024 के बाद लागू हो सकता है सैलरी बढ़ाने का नया फार्मूला

बताया जा रहा है कि नए फार्मूले के तहत केंद्रीय कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में हर साल इजाफा होगा। इसके चलते केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी इजाफा किया जाएगा। दरअसल, केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों की परफॉर्मेंस के आधार पर वेतन वृद्धि की योजना बना रही है जैसा निजी क्षेत्र की कंपनियों में किया जाता है। सरकार फिलहाल इसे अमल में लाने के खाका तैयार कर रही है।

गौरतलब है कि फिलहाल वर्ष में 2 बार केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ता बढ़ाता जाता है। महंगाई भत्ते के अनुसार, केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि होती है। इस तरह जनवरी और जुलाई में साल में दो बार महंगाई भत्ता बढ़ता है।

प्राइवेट कंपनियों की तर्ज पर हो सकती है सैलरी में बढ़ोतरी

सैलरी बढ़ाने के नए फार्मूले के तहत केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी को महंगाई, कास्ट आफ लिविंग और कर्मचारी की परफॉर्मेंस से जोड़ा जाएगा। इसके बाद ही बेसिक सैलरी में इजाफा किया जाएगा। बता दें कि प्राइवेट कंपनियों में एक पूरी प्रक्रिया अपनाने के बाद सैलरी में इजाफा किया जाता है। 

2016 में हुआ था इशारा, नहीं आएगा अगला वेतन आयोग

आंठवा वेतन आयोग नहीं आएगा? इसका इशारा वर्ष 2016 में ही हो गया था। दरअसल, तत्कालीन पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने 2016 के संसद में दिए अपने एक भाषण में कहा था कि अब सरकार को वेतन आयोग से हटकर कर्मचारियों के बारे में सोचना चाहिए। इसके बाद वित्त मंत्रालय ने साफ कर दिया कि नया वेतन आयोग नहीं आएगा। वहीं, इसके विकल्प को लेकर कभी कुछ नहीं कहा गया, ऐसे में नए फार्मूले के तहत केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने पर मुहर लग सकती है, लेकिन इसके लिए लंबा इतजार करना पड़ सकता है।