Railway Supervisors Promotion गार्ड के पद पर भर्ती होने वाले कर्मचारी भी गार्ड के पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। पदोन्नति के नाम पर पद के आगे वरिष्ठ जोड़ दिया जाता है। इसी तरह स्टेशन अधीक्षक जैसे कई पद भी हैं। सबसे अधिक वरिष्ठ पद सुपरवाइजर का होता है

रेल सुपरवाइजरों को भी अधिकारी के समकक्ष का दर्जा मिलने जा रहा है। इससे स्टेशन अधीक्षक, गार्ड व जूनियर इंजीनियर आदि लाभान्वित होंगे। रेलवे बोर्ड ने सुपरवाइजरों से संबंधित सूचना 16 नवंबर तक मांगी है।

ट्रेन संचालन व रेलवे के अन्य काम के लिए सुपरवाइजर तैनात किए जाते हैं। इनकी ट्रेनों का संचालन करने में काफी अहम भूमिका होती है। रेलवे अधिकारी केवल आदेश देते हैं। अधिकांश सुपरवाइजर जिस पद व वेतनमान पर भर्ती होते हैं, उसी पद से र‍िटायर भी हो जाते हैं। रेलवे के नियम के अनुसार कर्मचारी को सेवाकाल में तीन पदोन्नति दी जाती है, लेकिन सुपरवाइजर को पदोन्नति नहीं म‍िलती है। इसके कई उदाहरण है। जूनियर इंजीनियर पद पर 4200 रुपये पे ग्रेड पर भर्ती होते हैं, वह सहायक इंजीनियर भी नहीं बन पाते हैं। इसी तरह से गार्ड के पद पर भर्ती होने वाले कर्मचारी भी गार्ड के पद से सेवानिवृत्त हो जाते हैं। पदोन्नति के नाम पर पद के आगे वरिष्ठ जोड़ दिया जाता है। इसी तरह स्टेशन अधीक्षक जैसे कई पद भी हैं।

रेलवे कर्मचार‍ियों में सबसे अधिक वरिष्ठ पद सुपरवाइजर का होता है, इसके बाद जूनियर अधिकारी का पद होता है। सुपरवाइजर को पदोन्नति देने या अधिकारी के समकक्ष बनाने व 54050 रुपये पे ग्रेड देने की मांग की जा रही थी। रेलवे बोर्ड ने आखिर में सुपरवाइजरों की मांग मान ली है। इसमें अधिकारी के समकक्ष अधिकार व पे ग्रेड दिया जाना है। रेलवे बोर्ड के अधिशासी निदेशक पे कमीशन द्वितीय एमके गुप्ता ने 11 नवंबर को पत्र जारी किया है। इसमें सभी जोन के महाप्रबंधक से सुपरवाइजरों से संबंधित सूचना 16 नवंबर तक भेजने के आदेश द‍िए हैं।  जोन के आदेश के बाद मंडल रेल प्रशासन इसकी सूचना तैयार करने में जुट गया है। माना जा रहा है कि सोमवार को रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी जाएगी। 

आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने बताया कि सुपरवाइजरों को पदोन्नति व पे ग्रेड बढ़ाने की मांगों को लेकर रेलवे बोर्ड से कई बार वार्ता हो चुकी है। इसके बाद बोर्ड ने यह आदेश जारी किया है।