रेलवे कर्मचारियों को दुर्गापूजा से पहले बोनस मिलने की संभावना बढ़ गई है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सह सीईओ मेंबर फाइनेंस और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कर्मचारियों के बोनस पर मंजूरी की मुहर लगा दी है। इसके साथ ही संबंधित फाइल वित्त मंत्रालय को सौंप दी गई है।

रेलवे कर्मचारियों को दुर्गापूजा से पहले बोनस मिलने की संभावना बढ़ गई है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सह सीईओ, मेंबर फाइनेंस और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कर्मचारियों के बोनस पर मंजूरी की मुहर लगा दी है। इसके साथ ही संबंधित फाइल वित्त मंत्रालय को सौंप दी गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही वित्त मंत्रालय स्तर पर भी इसे हरी झंडी मिल जाएगी। दुर्गापूजा से पहले कैबिनेट की स्वीकृति के साथ ही बोनस की रकम कर्मचारियों के खाते में पहुंच जाएगी।

रेल कर्मचारियों को मिलने वाले उत्पादकता आधारित बोनस को लेकर आल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन की ओर से बताया गया है कि फेडरेशन हर स्तर पर बोनस को लेकर पहल कर रहा था। रेलवे बोर्ड औ रेलमंत्री से लगातार बातचीत की जा रही थी। इसके सकारात्मक परिणाम आए हैं। फेडरेशन के आग्रह पर ही रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सह सीईओ, मेंबर फाइनेंस और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे स्वीकृति दी और फाइल वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग को सौंपी गई। पूरी उम्मीद है कि इसे कैबिनेट से मंजूरी मिल जाएगी और दुर्गापूजा से पहले बोनस कर्मचारियों के मिल जाएंगे।

ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष डीके पांडेय और मीडिया प्रभारी एनके खवास ने बताया कि बोनस को लेकर कर्मचारियों के मन में उठ रहे सवाल को लेकर आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने अपडेट सूचना जारी की है। रेलवे बोर्ड और रेलमंत्री स्तर पर बोनस को स्वीकृति मिलने की खबर वाकई रेलकर्मियों के लिए खास है। पूरा भरोसा है कि कर्मचारियों को समय पर बोनस का भुगतान होगा।

78 दिनों के बोनस के तौर पर 17951 रुपये ही मिलने के आसार

रेलवे कर्मचारियों को दुर्गापूजा बोनस के तौर पर 78 दिनों की गणना के हिसाब से 17951 रुपये का भुगतान होता है। इस बार भी इतनी ही रकम बोनस के तौर पर कर्मचारियों की जेब में आने के आसार हैं। देशभर में 12-13 लाख कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिलेगा। धनबाद रेल मंडल की बात करें तो यहां 22222 कर्मचारी इस दायरे में आएंगे।प्रत्येक कर्मचारी को 17951 रुपये के हिसाब से धनबाद मंडल में लगभग 40 करोड़ का बोनस भुगतान होगा।