गुरुवार को मुरादाबाद के रेल इंजीनियर के बुरे बर्ताव से खफा रेल कर्मियों ने जमकर प्रदर्शन किया। रेल यूनियन और कर्मचारियों ने डीआरएम दफ्तर में इंजीनियर का कक्ष घेर लिया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी नेताओं का कहना है कि इंजीनियर के व्यवहार से तमाम कर्मचारी नाराज है। हंगामे की खबर पाकर जीआरपी व आरपीएफ के अलावा सिविल लाइंस थाने की पुलिस पहुंच गई। हालांकि यूनियन नेता वार्ता के लिए गए मगर बातचीत न हो सकीं।

मुरादाबाद में तैनात सीनियर डीईएन थर्ड कुलवंत सिंह के व्यवहार को लेकर खिलाफ कर्मचारियों में आक्रोश है। इसे लेकर गुरुवार को एनआरएमयू ने प्रदर्शन की तैयारी कर ली। रेल मंडल के पांचों ब्रांच नेताओं को लेकर तमाम कर्मचारी इंजीनियर के कक्ष के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। रेल कर्मियों ने इंजीनियर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस हंगामे की खबर पाकर जीआरपी और आरपीएफ भी पहुंच गई। कर्मचारी नेताओं ने अभद्र व्यवहार पर तीखा आक्रोश जताया।

बताया जाता है कि इंजीनियर ने एक दिन पहले रोजा शाहजहाँपुर का दौरा किया था। आरोप है कि इंजीनियर ने दौरे के दौरान यूनियन पदाधिकारियों के खिलाफ अभद्रता की। यही नहीं एआईआर एफ महासचिव के खिलाफ भी टिप्पणी कर डाली। रोजा के मंडल अध्यक्ष अवधेश कुमार ने जानकारी मंडल नेताओं को दी तो माहौल गरमा गया। प्रदर्शन के दौरान आइवन एडीशन, शिवराज सिंह, राजीव चौबे, सुहेल खालिद, मनोज शर्मा, ब्रहमपाल,एके सिंघल,नफीस अहमद समेत तमाम कर्माचारी रहे।

नरमू के मंडल अध्यक्ष आरके बाली व सचिव राजेश चौबे का कहना है कि इंजीनियर के खिलाफ कार्यदिवस में लंच समय में प्रदर्शन होगा। डीआरएम को पत्र भेजकर मांग की गई है कि इंजीनियर व्यवहार सुधारें या फिर उनका तबादला किया जाएं।