ड्यूटी के दौरान रेलवे कर्मचारी ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। हालत गंभीर होने पर स्वजनों ने उन्हें दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

थाना मझोला क्षेत्र में रेलवे कालोनी निवासी वरिष्ठ गाड़ी लिपिक महेंद्र कुमार की शुक्रवार को शाम चार बजे से रात बारह बजे तक यार्ड में ड्यूटी थी। छोटे भाई राहुल ने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे उसके पास फोन आया कि महेंद्र कुमार ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसने जाकर देखा तो उसका भाई यार्ड में ही उल्टा पड़ा हुआ था। हालत नाजुक होने पर वह पहले अपने भाई को पहले रेलवे अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां से विवेकानंद ले गया। इसके बाद साईं अस्पताल में भर्ती करा दिया। राहुल का आरोप है कि रेलवे के एक अधिकारी उनके भाई का उत्पीड़न कर रहे थे। इससे वह बुरी तरह परेशान थे। हमने पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस जांच कर रही है। मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा लिखवाएंगे।

शुक्रवार की शाम को महेंद्र कुमार टीएलसी राकेश गौड साथ उनके पास आए थे। दोनों का कहना था कि हमारी ड्यूटी वरीयता के हिसाब से लगाई जाए। उन्होंने उनके प्रार्थना पत्र पर वरीयता के हिसाब से ड्यूटी लगाने के आदेश कर दिए। इसके अलावा महेंद्र के स्वजन जो आरोप लगा रहे हैं उनमें कोई सच्चाई नहीं है।

अवध अस्थाना, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन, मुरादाबाद