चुनाव समाप्त होते ही रेलवे ने अपने चालक, सहायक चालक और गार्ड को बड़ी सौगात दी है। रेलवे बोर्ड ने रनिंग कर्मचारियों के बढ़े हुए रनिंग अलाउंस को मंजूरी दे दी। मंगलवार की शाम रेल मंत्रलय से आदेश जारी होते ही कर्मचारियों के चेहरे खिल गये। बढ़े भत्ते का लाभ देशभर के लगभग सवा लाख रनिंग कर्मचारियों को मिलेगा। धनबाद रेल मंडल के लगभग पांच हजार कर्मचारी इस दायरे में आएंगे।








रनिंग कर्मचारियों को बढ़े भत्ते का भुगतान एक जुलाई 2017 के एरियर के साथ होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इन कर्मचारियों को मिलने वाले 30 प्रतिशत अतिरिक्त का सेवा काल में लाभ और 55 प्रतिशत सेवानिवृत्ति लाभ में केन्द्र सरकार द्वारा कटौती किए जाने के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड ने वापस ले लिया है।




रिस्क अलाउंस और हार्डशिप अलाउंस को लेकर रेलवे बोर्ड में प्रकिया चल रही है। जल्द ही इस पर फैसला ले लिया जाएगा। मान्यताप्राप्त फेडरेशनों की सिफारिश मान ली गई है। दूसरे विभाग के कर्मचारियों को भी रिस्क अलाउंस तथा हार्डशिप अलाउंस दिये जाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है।

इसी प्रक्रिया की वजह से विलंब हो रहा है। यह बातें इंडियन रेलवे सिग्नल एंड टेलिकॉम मेंटेनर्स यूनियन के महासचिव आलोक चंद्र प्रकाश ने कही। वह मंगलवार की शाम कर्मचारियों से मिलने धनबाद पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह अलग अलग जोन और मंडलों का दौरा कर कर्मचारियों की समस्याओं की जानकारी ले रहें हैं। समस्याओं के समाधान के लिए सार्थक प्रयास कर रहे हैं।




उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं की जानकारी ली। संगठन की ओर से अब तक किये गये कार्यो की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से एक जुटता बनाने की बात कही। कहा कि समस्याओं के लिए कर्मचारियों को एकजुट होकर काम करना होगा। मौके पर यूनियन के मंडल सचिव जागेश्वर यादव, कालेश्वर यादव, उमा ठाकुर, भानु प्रकाश, रामकेश्वर प्रसाद, अभिषेक कुमार व अन्य कर्मचारी मौजूद थे।